विजयश्री ऑटोकॉम के श्रमिकों ने श्रम अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित विजयश्री ऑटोकॉम लिमिटेड के श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न, बकाया वेतन भुगतान में लापरवाही तथा श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में श्रमिकों ने मंगलवार को श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले के शीघ्र समाधान की मांग की है। श्रमिकों का कहना है कि पिछले कई महीनों से वेतन का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। बार-बार मांग करने और प्रबंधन से बातचीत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन नहीं किया जा रहा है। साथ ही भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा की राशि जमा करने में भी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम अधीक्षक ने कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया भुगतान नहीं किया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *