लुधियाना| जमालपुर इलाके में ई-रिक्शा चालक का मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। यह वारदात 33 फुटा रोड स्थित जसवंत नगर के पास शनि मंदिर इलाके में सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। पीड़ित चालक राजू ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह सप्लाई के लिए निकला था और उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल ई-रिक्शा में रखा हुआ था। जसवंत नगर में एक दुकान के बाहर ऑर्डर लेने के लिए जैसे ही वह नीचे उतरा, पीछे से एक युवक ने मौका पाकर मोबाइल उठा लिया। जब चालक वापस लौटा तो मोबाइल गायब था। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की पहचान हुई। फुटेज के अनुसार आरोपी ने काले रंग का स्वेटर पहन रखा था और कंधे पर लाल रंग का कपड़ा डाला हुआ था। वह पहले कुछ देर तक ई-रिक्शा के आसपास घूमता रहा। जैसे ही चालक दूर हुआ, उसने फुर्ती से मोबाइल उठाया और मौके से फरार हो गया।


