रमनदीप कौर लुधियाना| देर रात ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रक ड्राइवरों से पैसे वसूलते पकड़ी गई। महिला खुद को पुलिस कर्मी बताकर ड्राइवरों को धमका रही थी और उनसे नकदी ऐंठ रही थी। मौके पर मौजूद ड्राइवरों को जब शक हुआ तो उन्होंने आपस में बात कर तुरंत पीसीआर बुला ली। सभी ड्राइवरों ने मिलकर महिला को पकड़ा और पीसीआर टीम के हवाले कर दिया। थाना मोती नगर के प्रभारी भूपिंदर सिंह विर्क ने बताया, गुरदासपुर निवासी रमनदीप कौर (32) को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या वह किसी गिरोह का हिस्सा है और उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं।


