साहू समाज की परिचयात्मक बैठक, जोखन बोले- हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलें

सूरजपुर | ग्राम मानपुर में जिला साहू समाज की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रामकृपाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत माता कर्मा की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया। आयोजन में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक दायित्वों पर विशेष चर्चा की गई। वर्तमान जिलाध्यक्ष रामलल्लू साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह अवसर केवल परिचय का नहीं, बल्कि संकल्प और समाज निर्माण का है। उन्होंने कहा कि पद समाजसेवा का माध्यम है, जिसे ईमानदारी और जिम्मेदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा के प्रसार, युवाओं के मार्गदर्शन, मातृशक्ति के सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता को समाज की प्राथमिकता बताया। पूर्व जिलाध्यक्ष जोखन साहू ने सूरजपुर जिले को साहू समाज की दृष्टि से शिक्षित और समृद्ध बताते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजदूर, गरीब, शिक्षित और अशिक्षित सभी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। जिला उपाध्यक्ष राम शिरोमणि साहू ने संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और समाज उत्थान के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *