भास्कर न्यूज | अमृतसर सेलिब्रेशन मॉल के पास रात के अंधेरे में क्रेन की मदद से 3 सीएचबी कर्मी 200 केवी का ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। जब एसडीओ मनजिंदर सिंह को पता चला तो उनहोंने तुरंत इसकी जानकारी अधिकारियों और शिवाला बाग भाइयां पुलिस चौकी को दी। फिलहाल पुलिस ने तीनों चोरों को ट्रांसफार्मर के साथ काबू कर केस दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान रोहित, सुरजीत और सुमित निवासी बटाला रोड के रूप में हुई है। चौकी इंचार्ज कपिल धवन के अनुसार, एसडीओ मनजिंदर ने ट्रांसफार्मर चोरी की शिकायत दी। जांच में 10 सीसीटीवी चेक करने के बाद पता चला कि 3 युवाओं के साथ अन्य लोग मिलकर 14-15 फरवरी की रात एक बजे क्रेन की मदद से 200 केवी का ट्रांसफार्मर उतार ले गए। उस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर कुछ विवाद चल रहा था, जिस कारण उक्त ट्रांसफार्मर में बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया था। जांच में पता चला कि तीनों युवक ईस्ट डिवीजन में बतौर कंप्लेंट हैंडलिंग बाइक (सीएचबी) में ड्यूटी करते हैं। वहीं इनका सरगना अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। क्रेन के बारे में भी जांच जारी है।


