भास्कर न्यूज | कोरबा भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान पुणे में तीन दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान कार्यशाला आयोजित की गई थी। जिसमें में पाली ब्लॉक की शिक्षिका निर्मला शर्मा ने भाग लिया। यह कार्यशाला राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में आयोजित की गई थी। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रशिक्षण में जिले के गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नुनेरा में पदस्थ निर्मला शर्मा के साथ किरण सिंह, निशा तिवारी एवं देवव्रत कुर्रे ने भाग लिया।कार्यशाला में शिक्षकों को गणित एवं विज्ञान विषय की गतिविधि-आधारित नवीन तकनीकों तथा विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा शास्त्र से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में वैज्ञानिकों के साथ प्रत्यक्ष संवाद सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने तारामंडल का अवलोकन कर खगोलीय पिंडों की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण कर विज्ञान की बारीकियों को समझा। कार्यशाला में विज्ञान विषय को केवल तथ्यों के संग्रह के रूप में नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया के रूप में प्रस्तुत करने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान एनजीएसएस 2013 की संकल्पना, उद्देश्य एवं कक्षा स्तर पर उनके उपयोग पर चर्चा की गई। साइंस एक्टिविटी सेंटर के माध्यम से कम लागत की सामग्री से विज्ञान प्रयोग एवं टीएलएम निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षण में अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना, टीएलएम के माध्यम से पढ़ाई को रुचिकर बनाना तथा विज्ञान को व्यावहारिक जीवन से जोड़ना रहा। प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटीं शिक्षिका निर्मला शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में अर्जित ज्ञान का उपयोग वे अपने स्कूल में नवाचारी शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से कर सकेंगी। जिससे गणित एवं विज्ञान शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा। उनके प्रशिक्षण का लाभ जिले के अन्य मिडिल स्कूलों के शिक्षकों व छात्रों को भी मिल सकेगा। इस दौरान राज्य स्तर पर विभिन्न अधिकारियों का मार्गदर्शन भी प्राप्त गुआ। ज्ञात हो कि शर्मा इससे पूर्व राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भी प्रशिक्षण ले चुकी हैं।


