भास्कर न्यूज | रायगड़ा ओडिशा शासन की प्रमुख पहल आमे पढ़िबा आम भाषा रे के अंतर्गत रायगड़ा जिले में जिला स्तरीय स्थापना और क्षमता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर अशुतोष कुलकर्णी की अध्यक्षता में किया गया। कलेक्टर ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। मातृभाषा में शिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और मजबूत बुनियादी शिक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होता है। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय, सामुदायिक भागीदारी और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया तथा अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों से आंगनवाड़ी केंद्रों को सहयोग देने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत आदिवासी बच्चों के लिए मातृभाषा आधारित प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाना है। महिला एवं बाल विकास विभाग, ओडिशा सरकार की इस योजना के तहत 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए स्थानीय आदिवासी भाषाओं में नए अरुणिमा पाठ्यक्रम को नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 के साथ समन्वित कर प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत किया जाएगा। इससे बच्चों की समझ, सहभागिता, आत्मविश्वास और विद्यालय तैयारी में वृद्धि होगी। चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों में कुभी भाषा के माध्यम से मातृभाषा आधारित कक्षा शिक्षण को मजबूत करने, खेल आधारित शिक्षा, प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान और सामुदायिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर सामाजिक कल्याण अधिकारी मीनति देओ, बसंत कुमार प्रधान, देवराज टाक्री, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी सहित लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


