खेल में जीत और हार को स्वीकार करने की सीख मिलती है: डॉ. बंजारे

भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता उत्साह और खेल भावना के साथ आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्राध्यापक सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। संस्थान परिसर में इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की खेल गतिविधियों के चलते पूरे वातावरण में ऊर्जा और उमंग का संचार हो रहा है। प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, बैडमिंटन और शतरंज जैसी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही गोली-चम्मच दौड़ और कुर्सी दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं भी प्रतिभागियों और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। छात्र-छात्राएं अनुशासन और टीम भावना के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। डाइट उप प्राचार्य डॉ. कमल कपूर बंजारे ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन हैं। खेल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और सामाजिक समन्वय को भी मजबूत बनाते हैं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। क्रीड़ा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में व्यायाम निर्देशक विजय पांडेय बनरांका, सोमप्रभ श्रीवास सरदा, मोनिका गोवर्धन भिलौरी, वेद प्रकाश साहू हरडुवा सहित वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक प्रहलाद कुमार टिकरिहा, परसराम साहू, देवी प्रसाद चंदेश्वर और क्रीड़ा प्रभारी व्याख्याता थलज कुमार साहू का विशेष योगदान रहा। डॉ. कमल कपूर बंजारे ने कहा नियमित खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत और हार को समान रूप से स्वीकार करना सिखाते हैं, जिससे जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता बढ़ती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *