भवन से सामाजिक आयोजन व बैठक के लिए मंच मिलेगा: विधायक

भास्कर न्यूज | राजिम राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने ड्योढ़ीपार देशहा सेन समाज महासभा के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। लगभग 25 लाख रुपए की लागत से तैयार होने वाला यह भवन समाज की सामाजिक गतिविधियों और बैठकों के लिए एक नया और सशक्त मंच प्रदान करेगा। भूमिपूजन समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों और नागरिकों ने विधायक का भव्य स्वागत किया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने सेन समाज की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेन समाज अपनी सेवा भावना और कौशल के लिए प्रसिद्ध है और यह भवन समाज की एकता और सामाजिक मेलजोल को बढ़ावा देने का केंद्र बनेगा। विधायक ने कहा कि आज के समय में किसी भी समाज के उत्थान के लिए संगठित होना और एक साझा मंच का होना अनिवार्य है, ताकि युवा पीढ़ी को संस्कारों और संस्कृति से जोड़ा जा सके। विधायक ने आगे कहा कि यह भवन सामाजिक बैठकों, मांगलिक कार्यक्रमों और अन्य चर्चाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे राजिम क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक संस्थाओं की बेहतरी के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और समाज के प्रत्येक सदस्य को उनकी जिम्मेदारियों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान ड्योढ़ीपार देशहा सेन समाज के प्रमुखों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस प्रकार के सर्वसुविधायुक्त भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब यह सपना साकार होने जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि नगर के समग्र विकास में हर समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा के माध्यम से समाज का नाम रोशन करें और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर सेन समाज के प्रदेशाध्यक्ष हीराधर सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सेन, महासचिव शत्रुघ्न श्रीवास, कोषाध्यक्ष माखन सेन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, चंद्रप्रकाश सेन (राजिम सेन समाज महासभा के अध्यक्ष), रिकेश साहू , रेखा कुलेश्वर साहू (पार्षद राजिम), आकाश राजपूत , भाजपा नेता राजू साहू, भूपेंद्र कुमार सेन , शैल सेन सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *