अमृतसर| गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए शैक्षणिक सत्र 2025–26 से उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए मासिक डाइट मनी की व्यवस्था शुरू की गई है। यह पहल वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) कर्मजीत सिंह की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। योजना के तहत 300 से ज्यादा खिलाड़ी लाभान्वित हो रहे हैं। वर्तमान सत्र के दौरान यूनिवर्सिटी द्वारा खिलाड़ियों की डाइट सहायता के लिए लगभग 80 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं। प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर खिलाड़ियों को प्रतिमाह 3,500 से 10,000 रुपए सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा रहे हैं। इस आर्थिक सहयोग से खिलाड़ियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार मिल सकेगा, जिससे उनका स्टैमिना, ताकत, रिकवरी और समग्र प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए अगले शैक्षणिक वर्ष के लिए 1.5 करोड़ रुपए डाइट मनी के लिए निर्धारित किए हैं।


