जोबनदीप सरपंच सोनू चीमा हत्याकांड में शामिल आरोपी का भाई, उसी ने अंतरराष्ट्रीय तस्करों से कराई थी पहचान

भास्कर न्यूज | अमृतसर स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल के काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओर से 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आइस ड्रग के साथ गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उनका सीआई की टीम को 4 दिन का रिमांड दिया है। आरोपियों को अब 28 फरवरी को अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी प्रताप सिंह निवासी गांव सुरसिंह वाला जिला फिरोजपुर पहले भी तस्करी के मामले में जेल काट चुका है। दूसरा आरोपी जोबनदीप सिंह निवासी गांव ख्याला कलां का भाई तरनतारन के चर्चित सरपंच सोनू चीमा हत्याकांड में जेल में बंद है। उसी ने जोबनदीप की पहचान अंतरराष्ट्रीय तस्करों से करवाई। कुछ महीने पहले जोबनदीप दुबई गया, जहां उसकी मुलाकात एक विदेशी तस्कर से हुई। वहीं से उसे पाकिस्तान में बैठे कुख्यात तस्कर ‘राणा’ का संपर्क मिला। वह लगातार राणा के संपर्क में रहा। पाकिस्तानी तस्कर राणा ने धनोए खुर्द में यह खेप ड्रोन के माध्यम से गिरवाई थी। उक्त तस्कर जिसे उठाने गए थे। सोमवार को सब इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह की अगुवाई में सीआई टीम ने गांव पदरी के श्मशानघाट के पास नाकाबंदी की। यहां प्रताप सिंह और अजयपाल सिंह को खेप सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *