भास्कर न्यूज | बेमेतरा राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि सरकार द्वारा बताई गई प्रति व्यक्ति आय और विकास दर के आंकड़े वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते। प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है तथा लोगों को दैनिक जरूरतें पूरी करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने ने आरोप लगाते हुए कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण संभावनाओं पर आधारित है और जमीनी सच्चाई को नजरअंदाज किया गया है। उनका कहना है कि दो वर्षों में भाजपा सरकार जन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है। बजट में किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए ठोस राहत के प्रावधान दिखाई नहीं देते। उन्होंने सरकार से कागजी दावों के बजाय धरातल पर काम कर जनता को वास्तविक राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ट्रिपल इंजन की सरकार होने के कारण प्रदेश के लोगों में बजट को लेकर बड़ी उम्मीद थी। लेकिन इस बजट में तकरीबन सभी वर्गों को निराशा हाथ लगी है। लोगों के हितों को नजरअंदाज किए हैं।


