बिलासपुर| दाधापारा से दगोरी तक चौथी रेल लाइन का काम तेज गति से चल रहा है। लगभग 35 किमी के इस सेक्शन का महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दाधापारा, बिल्हा और दगोरी रेलवे स्टेशन की व्यवस्था और वहां चल रहे विकास के काम की समीक्षा की। दाधापारा–दगौरी के मध्य चौथी रेल लाइन के निर्माण का उद्देश्य रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि, यातायात के दबाव को कम करना तथा समय पालन में सुधार लाना है। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग तथा समग्र संचालन की स्थिति को देखा। दाधापारा स्टेशन पर स्टेशन बुकिंग ऑफिस, सिग्नल और टेलीकॉम गुमटी का निरीक्षण किया। यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, टिकटिंग व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं संरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


