फंड आवंटन और नियुक्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की हो रही जांच मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में मंगलवार को सीबीआई ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छापेमारी की। टीम ने विश्वविद्यालय कार्यालय में कई अहम दस्तावेजों की जांच की। बताया जा रहा है कि 2009-14 के वित्तीय वर्ष से जुड़े मामलों, खासकर भवन निर्माण फंड के आवंटन और नियुक्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। सीबीआई अधिकारियों ने दूसरे तल स्थित कार्यालय से दर्जनों फाइलें अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन जमा करवा लिए गए और बाहरी संपर्क रोकने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई सूचना लीक न हो। जांच एजेंसी के पहुंचते ही कैंपस में हलचल मच गई। हालांकि छात्रों की कक्षाएं जारी रहीं, लेकिन प्रशासनिक गतिविधियां सीबीआई के नियंत्रण में रहीं। गौरतलब है कि इससे पहले भी विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच हो चुकी है।


