रांची नगर निगम चुनाव में मतदान का ग्राफ गिरने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग एक्शन मोड में है। आयोग द्वारा रांची डीसी को पत्र लिखकर पूरे मामले में जवाब मांगा गया है। आयोग ने कहा है कि लोक सेवकों का दायित्व है कि चुनाव प्रक्रिया त्रुटि रहित हो एवं मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके बावजूद चुनाव के दौरान मतदाता काफी परेशान रहें। ऐसे में मतदाता सूची तैयार करने, वार्डवार और बूथवार मतदाता सूची के विखंडन, बूथ निर्माण करने वाले जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हित करें। मतदाता पर्ची नहीं पहुंचाने वाले बीएलओ को भी चिन्हित करें,ताकि भविष्य में ऐसी गलती की पुनरावृति न हो। आयोग ने जवाबदेह पदाधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा सात दिनों में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि सोमवार को संपन्न हुए नगर निगम चुनाव में बड़े पैमाने पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित हो गए। क्योंकि, सैकड़ों मतदाता का नाम गायब कर दिया गया। हजारों मतदाताओं का वार्ड आैर बूथ नंबर बदल दिया गया।


