अनगड़ा प्रखंड के प्रसिद्ध जलप्रपात हूंडरू फॉल्स में रोपवे तथा जोन्हा फॉल्स में ग्लास ब्रिज और रोपवे निर्माण की घोषणा झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में की है। घोषणा के साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों और पर्यटन से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से दोनों पर्यटन स्थलों पर वर्षभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी। अभी बरसात और सर्दी के मौसम में ही अधिक भीड़ होती है, लेकिन आधुनिक सुविधाएं जुड़ने से ऑफ-सीजन में भी पर्यटक आकर्षित होंगे। जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा ने बताया कि ग्लास ब्रिज और रोपवे निर्माण को लेकर उन्होंने पूर्व में सरकार को पत्र लिखकर मांग की थी। उन्होंने बजट में घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बुनियादी सुविधाओं—जैसे सड़क, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था—को भी मजबूत करना जरूरी है। झारखंड पर्यटन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। होटल, दुकान, गाइड सेवा और परिवहन से जुड़े सैकड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरकार की यह पहल पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगी।


