विक्की कुमार | अमृतसर रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट बुकिंग काउंटर पर खोला गया करंट रिजर्वेशन टिकट काउंटर को 26 दिन बाद फिर से बंद कर दिया गया है। यहां कोई यात्री करंट रिजर्वेशन के लिए जाता है तो उसे टिकट रिजर्व करने से साफ इंकार किया जा रहा है। ‘करंट रिजर्वेशन 24 घंटे’ का लगाया गया पोस्टर भी हटा दिया गया है। दैनिक भास्कर ने इस संबंधी पहले ही आगाह किया था कि सिर्फ कागज का एक पोस्टर लगाया गया है जिसे कोई भी शरारती तत्व हटा सकता है और उसे अब हटा दिया गया है। यात्री को यहां पर करंट रिजर्वेशन टिकट की कोई भी सुविधा नहीं दी जा रही है। हालांकि फिरोजपुर रेलवे डिवीजन के अधिकारियों का दावा था कि यह विंडो सातों दिन 24 घंटे खुलेगी। फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि काउंटर को 24 घंटे 7 दिनों के लिए चलवाया गया है और ऐसे ही चलेगा। अगर किसी कारण से नहीं चल रहा है तो इस संबंधी हिदायतें दे दी गई है। उनका कहना है कि यात्रियों को दोनों तरफ ही यह सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोलबाग साइड स्थित रिजर्वेशन काउंटर पर सुबह 8 से रात 10 बजे तक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यदि वहां कोई यात्री करंट रिजर्वेशन या कैंिसलेशन के लिए आता है, तो उसे भी सुविधा दी जाएगी। फरवरी 2022 में रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट बुकिंग काउंटर पर यह करंट रिजर्वेशन टिकट काउंटर खोलने के आदेश जारी किए गए थे। अब तक इस काउंटर के बंद रहने के कारण यात्रियों खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को करंट रिजर्वेशन या टिकट कैंिसलेशन के लिए रेलवे स्टेशन के गोलबाग साइड जाना पड़ता था। ऐसा इसलिए था कि इस ओर से ही अमृतसर स्टेशन पर काफी संख्या में यात्रियों का आवागमन रहता है। हालांकि गोलबाग साइड रेलवे स्टेशन पर बने रिजर्वेशन केंद्र में सुबह 8 से रात 10 बजे तक विंडों खुलती है और वहां भी यह सर्विस मिलती है, लेकिन वहां आने जाने में यात्रियों का काफी समय बर्बाद हो जाता था। ऐसे में रेलवे अधिकारियों के ध्यान में भी यह मामला गया था। बता दें कि 14 जनवरी 2026 को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कॉमर्शियल), 26 दिसंबर 2025 को एएमसी, 7 दिसंबर 2025 को ईसीसीएम और 22 अगस्त 2025 को सीसीओ नई दिल्ली ने स्टेशन का निरीक्षण किया गया था। अधिकारियों ने करंट रिजर्वेशन काउंटर को हर हाल में 24 घंटे खोलने के निर्देश दिए थे।


