रेवदर उपखंड क्षेत्र के सिरोड़ी कस्बे में मंगलवार रात एक टेलर की दुकान में भीषण आग लग गई। मार्केट की पहली मंजिल पर स्थित ‘न्यू एमके टेलर्स’ नामक इस दुकान से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा लाखों का सामान धू-धू कर जल गया। इसमें दर्जनों जोड़ी तैयार कपड़े, सिलाई के कपड़े, सिलाई मशीनें, प्रेस और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। दुकान में बैठा था मालिक आग लगने के दौरान दुकान मालिक दिनेश कुमार दुकान के अंदर ही मौजूद थे। अचानक उठी लपटों की चपेट में आने से उनके पैर झुलस गए। उन्हें तुरंत दुकान से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद व्यापारियों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे आग को और फैलने से रोका जा सका। आसपास के लोगों ने पाया काबू आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सामूहिक प्रयासों से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग से दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।


