भुसावर और खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्रों में होली के त्योहार को लेकर सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने हुड़दंगियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए और आमजन से किसी भी गलत गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। शांति और सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने की अपील भुसावर थानाधिकारी रामदयाल मीणा ने बताया-भुसावर थाने पर मंगलवार देर शाम 5 बजे आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा मुख्य अतिथि रहे। सीओ वीरेंद्र शर्मा और तहसीलदार अभयराज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। अधिकारियों ने आगामी पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया। अपराधियों के खिलाफ होगी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। समस्याओं से अवगत कराया बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इनमें गांवों में गश्त बढ़ाने, बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर कार्रवाई करने, अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, बिना नंबर के वाहनों पर रोक लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल थे। सदस्यों द्वारा उठाई गई इन समस्याओं पर अधिकारियों ने तुरंत समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कई सीएलजी सदस्य उपस्थित थे।


