झारखंड विधानसभा में पेश बजट को सत्ता पक्ष ने विकासोन्मुख और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने वाला बताया है। वहीं, विपक्ष ने बजट को दिशाहीन और असंतुलित करार देते हुए कहा कि आम जनता और रोजगार के लिए बजट में कुछ भी प्रावधान नहीं है। घोषणाओं का पुलिंदा है बजट : सागर कुमार जदयू प्रवक्ता सागर कुमार ने बजट को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि पिछली घोषणाएं पूरी नहीं हुईं। गरीबी, बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे पर स्पष्ट रोडमैप का अभाव है। दिशाहीन व गरीब विरोधी है बजट : सुदेश महतो पूर्व डिप्टी सीएम व आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने बजट को दिशाहीन और गरीब-मध्यम वर्ग विरोधी बताया। कहा, बजट का आकार 10 हजार करोड़ बढ़ाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है, जबकि पिछली राशि का आधा भी खर्च नहीं हो सका। जनकल्याण व सतत विकास पर केंद्रित है : आभा सिन्हा प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कहा कि बजट समावेशी व सतत और जनकल्याणकारी है। इसमें बालिका आवासीय विद्यालय व ‘महिला किसान खुशहाली योजना’ के तहत 25 करोड़ दिए गए हैं। भविष्य की चुनौतियों का समाधान : केशव महतो झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बजट को सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तीकरणवाला बताया। उन्होंने, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की सराहना की। कोई टैक्स नहीं लगा, सबके लिए है बजट : अजय सिंह सीपीआई के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिला मंत्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड के लोगों को केंद्रित कर अबुआ बजट पेश किया है। इसमें सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। यह बजट झारखंड को एक नया आयाम प्रदान करेगा। जन विरोधी और दिशाहीन बजट है : प्रतुल शाहदेव भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बजट को दिशाहीन और जनविरोधी करार दिया। कहा, सरकार ने जनवरी तक केवल 50% खर्च किया। बजट में रोजगार, किसान व महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं है। बेरोजगारों की उपेक्षा की गई बजट में : रघुवर दास पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार ने गरीब, आदिवासी, किसान, युवाओं, महिलाओं के साथ बजट में छल किया है। युवाओं के लिए रोजगार से संबंधित कोई ठोस योजना पेश नहीं की गई है। बजट सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली लाएगा: किशोर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बजट सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली लाएगा। यह बजट चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सर्वांगीण विकास को गति देगा बजट : सुबोधकांत पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने बजट को सर्वांगीण विकासवाला बताया। कहा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला स्वावलंबन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के लिए समुचित प्रावधान किए गए हैं। आदिवासी- दलित विरोधी है बजट : डॉ देवशरण भगत आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा है कि यह बजट आदिवासी, दलित और पिछड़ा विरोधी है। झामुमो और कांग्रेस गंठबंधन की सरकार जनता को छल रही है। महिलाओं और किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। झारखंड आंदोलनकारियों को निराश किया : प्रवीण आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि बजट ने झारखंड आंदोलनकारियों को निराश किया है। उन्हें आशा थी कि बजट में पेंशन वृद्धि, आरक्षण और सुविधाओं पर प्रावधान बढ़ेगा। विस्थापन और पलायन के लिए कुछ नहीं किया गया। समावेशी और विकासोन्मुखी बजट है : सोनाल शांति कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बजट को झारखंड के विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं के रोजगार की बात कही गई है। ग्रामीण विकास और शिक्षा पर बजट पर काफी राशि रखी गई है। उन्होंने वित्त मंत्री की सराहना की।


