ईएसआईसी की 75वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम में योजनाओं के बारे बताया

भास्कर न्यूज | जालंधर कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की स्थापना के 75वें वर्षगांठ के अवसर पर 24 फरवरी को उप क्षेत्रीय कार्यालय, जालंधर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक प्रभारी सुनील कुमार यादव, उप निदेशक कुंवर अजय सिंह, मेसर्स डिलाइट इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा, भारतीय मजदूर संघ पंजाब क्षेत्र के मंत्री चंद्रेश्वर मिश्रा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक प्रभारी सुनील कुमार यादव ने ईएसआईसी की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए निगम की 75 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना संगठित क्षेत्र में कार्यरत कामगारों के लिए बहुउपयोगी है, जो बीमारी, दुर्घटना या अन्य संकट की स्थिति में न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि आर्थिक सहायता भी सुनिश्चित करती है। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी शाखाओं में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। सुनील शर्मा ने ईएसआईसी द्वारा प्रदान किए जा रहे लाभों की सराहना करते हुए जागरूकता कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया। वहीं, चंद्रेश्वर मिश्रा ने निगम की 75वीं स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम कामगारों के लिए एक उत्कृष्ट योजना है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ मिलना चाहिए और नियोजकों को उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना चाहिए। रिटायर्ड कर्मचारी ऋतु भल्ला ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन सहायक निदेशक दीपक कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *