भास्कर न्यूज | जालंधर लायलपुर खालसा कॉलेज में ‘सालाना खेल दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ओलिंपियन और विधायक परगट सिंह शामिल हुए। इन प्रतियोगिताओं में लड़कों और लड़कियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लड़कों के वॉलीबॉल मैच में आर्ट्स अवेंजर्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 800 मीटर की दौड़ में सुखजिंदर सिंह पहले स्थान पर रहे। लड़कियों के मुकाबलों में फन एंड फिटनेस रेस में साइंस स्मैशर्स ने बाजी मारी और रस्साकशी (टग ऑफ वार) में आर्ट्स अवेंजर्स की टीम पहले स्थान पर रही। खास बात यह रही कि छात्रों के साथ-साथ कॉलेज के टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ के लिए भी रस्साकशी और नींबू दौड़ जैसी मजेदार प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस मौके पर प्रिंसिपल डॉ. रशपाल सिंह संधू ने कहा कि खेल न केवल शरीर को फिट रखते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने में भी सहायक होते हैं। मुख्य अतिथि ने कॉलेज के खेल मैदान से जुड़ी अपनी पुरानी यादें ताज़ा कीं। उन्होंने युवाओं को कहा कि निरंतर अभ्यास कभी बेकार नहीं जाता। उन्होंने छात्रों से नशों से दूर रहने और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।


