ठियोग में चिट्टे के खिलाफ जागरूकता रैली आज:सैकड़ों लोग शामिल होंगे, व्यापार मंडल का मिला समर्थन, 11 बजे तक बाजार रहेगा बंद

हिमाचल प्रदेश शिमला जिला के ठियोग में आज चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग) के बढ़ते प्रकोप के खिलाफ व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। ‘युवा जागरूक मंच’ के आवाहन पर इस रैली में पूरे शिमला जिला से सैकड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशा खासकर चिट्टा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को इस बुराई के खिलाफ एकजुट करना है। ‘युवा जागरूक मंच’ के पदाधिकारी अरुण चंदेल और रोहित हेटा ने बताया कि जागरूकता रैली की शुरुआत ठियोग के राजीव गांधी (पोटैटो ग्राउंड) खेल मैदान से होगी, जहां से सैकड़ों लोग शाली बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च करेंगे। इस दौरान नशा मुक्ति के संदेश वाले बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को चिट्टे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अभियान को ठियोग व्यापार मंडल का भी समर्थन मिला है। व्यापार मंडल ने रैली के समर्थन में सुबह 11 बजे तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सामाजिक पहल का हिस्सा बन सकें। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय ठाकुर ने बताया कि युवा जागरूक मंच की यह शानदार पहल है। इसलिए युवा जागरूकता मंच के समर्थन में सुबह के वक्त दो घंटे तक दुकानें बंद रखी जाएगी। महिला-युवक मंडल और सामाजिक संगठन शामिल होंगे इस जागरूकता अभियान में क्षेत्र के दर्जनों महिला मंडल, युवक मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठन सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। स्थानीय लोक गायक, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और समाजसेवी संगठनों ने भी लोगों से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। ठियोग में कई युवाओं की चिट्टे के कारण जान जा चुकी युवा जागरूक मंच’ के पदाधिकारी पिछले दो सप्ताह से लगातार गांव-गांव, घर-घर, दफ्तरों व प्रतिष्ठानों में जाकर लोगों से जागरूकता रैली में शामिल होने की अपील कर रहे हैं तथा उन्हें इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मंच के सदस्यों का कहना है कि चिट्टे के कारण ठियोग क्षेत्र में कई युवाओं की जान जा चुकी है, जबकि कई युवक नशे से जुड़े मामलों में जेल में बंद हैं। ऐसे हालात में समाज के हर वर्ग का आगे आना बेहद जरूरी है। आयोजकों का मानना है कि सामूहिक प्रयास और जनजागरण के माध्यम से ही नशे जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *