जालंधर में नशेड़ी चोरों का आतंक:बुजुर्ग का ऑटो काट निकालीं बैटरियां, पीड़ित परिवार ने नहीं की पुलिस शिकायत

जालंधर के भार्गों कैंप इलाके में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति के ऑटो से बैटरियां और वायरिंग चोरी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी करने वाला युवक कथित तौर पर नशे का आदी बताया जा रहा है, जिसकी वीडियो भी सामने आई है। पीड़ित परिवार ने फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से परहेज किया है। भार्गों कैंप इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग (सरदार जी) के ऑटो से बैटरियां गायब मिलीं। चोरों ने न केवल बैटरियां निकालीं, बल्कि ऑटो की पूरी वायरिंग भी बुरी तरह काट दी, जिससे गरीब ऑटो चालक का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित बुजुर्ग के बेटे ने बताया कि एक युवक को इस हरकत में शामिल देखा गया। बताया जा रहा है कि वह युवक नशे की लत को पूरा करने के लिए ऐसी वारदातों को अंजाम देता है और अक्सर इलाके में खजल-खुआरी (परेशानी) का कारण बनता है। जब परिवार से पुलिस कार्रवाई के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर की। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनका मोबाइल फोन भी छीना गया था, लेकिन उस मामले में कोई समाधान नहीं निकला। इसी निराशा के कारण उन्होंने इस बार पुलिस को शिकायत नहीं दी। उनका मानना है कि पुलिस के पास जाने से केवल चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन न्याय नहीं मिलता। शहर में लूटपाट और चोरी की वारदातों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। भार्गों कैंप जैसे इलाकों में नशेड़ियों द्वारा की जा रही इन छोटी-बड़ी चोरियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *