नगर निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियों में शहर और देहात कांग्रेस संगठन सक्रिय है। कांग्रेस की नई कार्यकारिणी होली तक घोषित हो सकती है। उदयपुर जिला देहात कांग्रेस कमेटी की इस बार 51 सदस्यीय और उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी 31 सदस्यीय होगी। जिला देहात अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने 51 नेताओं की सूची और शहर अध्यक्ष फतह सिंह ने 31 नेताओं की सूची प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेज दी है। प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस के बड़े नेताओं और आलाकमान की जानकारी के बाद इन सूचियों को मंजूरी देंगे। पहले 71-71 नाम मांगे गए थे, लेकिन नए निर्देश के अनुसार जिन जिला कार्यकारिणी में 3 से कम विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, वहां 31 सदस्यीय और जिनमें 3 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, वहां 51 सदस्यीय कार्यकारिणी बनाई जाएगी। चुनाव में होगी शहर व देहात के अध्यक्षों की असली परीक्षा …इधर कांग्रेस का प्रदर्शन- भाजपा सरकार को पर्ची सरकार बताया प्रदेश में भाजपा की सरकार को ‘पर्ची सरकार’ बताते हुए उदयपुर देहात जिला कांग्रेस ने चेतक स्थित संभागीय आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। प्रदेश महासचिव लाल सिंह झाला ने कहा कि दो साल से विकास पूरी तरह रुका हुआ है। देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने आरोप लगाया कि 475 में से 250 से अधिक जर्जर सरकारी स्कूल भवन तोड़ दिए गए, पर नए भवन नहीं बने। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री डॉ मांगी लाल गरासिया, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ आदि मौजूद रहे।


