फेस्टिव सीजन:इनकी तो हो…ली: हवाई व बस किराया दोगुना हुआ, ट्रेनों में वेटिंग या नो रूम

होली के रंग चढ़ने से पहले ही यात्रा खर्च ने लोगों की जेब का रंग उड़ा दिया है। 1 से 6 मार्च के बीच उदयपुर से बाहर जाने और यहां आने वाले यात्रियों को हवाई, रेल और बस-तीनों माध्यमों में भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है। मांग बढ़ते ही एयरलाइंस ने किराए दोगुने तक कर दिए हैं। रेलवे की स्थिति भी राहत देने वाली नहीं है। प्रमुख ट्रेनों में एडवांस बुकिंग फुल हो चुकी है। स्लीपर और एसी श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है। कुछ ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई है, यानी वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। निजी बस ऑपरेटरों ने भी बढ़ती मांग के बीच किराया बढ़ा दिया है। स्लीपर और एसी बसों में दरें कई गुना तक पहुंच गई हैं। फ्लाइट: उदयपुर-जयपुर का टिकट 8500 से 16500 रुपए तक पहुंचा होली के फेस्टिव सीजन में 1 से 6 मार्च तक हवाई टिकट 100 फीसदी तक महंगे हो गए हैं। अब उड़ानें दोगुनी कीमत पर मिल रही हैं और ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। होली का जश्न मनाने के लिए देश-दुनिया के पर्यटक झीलों के शहर उदयपुर में बड़ी संख्या में आएंगे। उदयपुर से भी लोगों ने बड़ी संख्या में जयपुर, दिल्ली और मुंबई के लिए हवाई टिकट बुक कराए हैं। उदयपुर-जयपुर के बीच सामान्य दिनों में किराया 5 से 8 हजार रुपए तक था, जो होली के इन 7 दिनों में 8500 से 16 हजार 500 रुपए तक पहुंच चुका है। ट्रेन: जयपुर-दिल्ली-मुंबई के लिए एडवांस बुकिंग फुल उदयपुर से जयपुर, दिल्ली, मुंबई, हरिद्वार और न्यू जलपाईगुड़ी रूट की अधिकांश ट्रेनें फुल हैं। कई में वेटिंग चल रही है। कुछ श्रेणियों में ‘रिग्रेट’ की स्थिति है। उदयपुर-दिल्ली रूट पर चेतक एक्सप्रेस और मेवाड़ एक्सप्रेस में 1 और 2 मार्च को स्लीपर व एसी श्रेणियों में लंबी वेटिंग है। उदयपुर-बांद्रा ट्रेन में 1 मार्च को स्लीपर और एसी में वेटिंग है। उदयपुर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में 2 मार्च को स्लीपर में रिग्रेट और एसी में वेटिंग है। उदयपुर-जयपुर खजुराहो एक्सप्रेस में 1 मार्च को 100 से अधिक वेटिंग दर्ज है। उदयपुर-इंदौर वीर भूमि एक्सप्रेस में भी वेटिंग चल रही है। उदयपुर-मैसूर हमसफर एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस में भी 2 मार्च को लंबी वेटिंग है। हरिद्वार के लिए स्पेशल ट्रेन रेलवे ने उदयपुर से हरिद्वार के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन पांच ट्रिप करेगी। हर मंगलवार दोपहर 1:45 बजे उदयपुर से रवाना होकर सुबह 9 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में शाम 7 बजे हरिद्वार से चलकर अपराह्न 3 बजे उदयपुर पहुंचेगी। बस: उदयपुर से जयपुर का किराया 800 से 4500 रुपए उदयपुर से जयपुर बसों का किराया सामान्य दिनों से 600 से 1000 के बीच रुपए रहता है। होली पर 1 से 6 मार्च तक इस रूट पर स्लीपर बसों में किराया 800 से 4500 रुपए तक रहना संभव है। इसमें एसी स्लीपर और नॉन एसी स्लीपर बस शामिल है। बसों की अधिकतर सीटें बुक होने से किराया कई गुना तक बढ़ेगा। उदयपुर से दिल्ली का किराया सामान्य दिनों में 1000 से 1500 रुपए के बीच रहता है, जो बढ़कर 2200 से 5 हजार रुपए तक पहुंचेगा। इस रूट की स्लीपर गाड़ियों में अधिकतर सीटें बुक होने से किराया बढ़ा है। उदयपुर से मुंबई का किराया 1500 से 2000 रुपए के बीच रहता है, जो बढ़कर 2500 से 7500 रुपए तक होगा। उदयपुर-अहमदाबाद रूट पर बसों में किराए में विशेष बदलाव नहीं होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *