बाल संरक्षण योजनाओं की त्रैमासिक समीक्षा, बाल विवाह रोकथाम पर जोर

भास्कर न्यूज | सिरोही जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल अधिकारिता विभाग सिरोही की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्टर अल्पा चौधरी की अध्यक्षता में कृषि विस्तार परियोजना भवन स्थित आत्मा सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित बाल संरक्षण योजनाओं, अभियानों और समन्वय गतिविधियों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ‘बाल विवाह मुक्त सिरोही’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाई जाए। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित अमृता मेले में ‘बाल विवाह मुक्त सिरोही’ विषय पर जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाकर बाल संरक्षण कानून, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी देने को भी कहा गया। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी को स्कूल वाहनों (बाल वाहिनी) की नियमित जांच, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई तथा अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग के एएसपी जसाराम को राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों की 200 मीटर परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण व कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने तथा नगरीय निकायों को पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों का भौतिक सत्यापन होगा : कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित व अनुकूल वातावरण मिल सके। बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत नशा मुक्ति, भीखावृत्ति उन्मूलन, बाल श्रम निषेध और सुरक्षित परिवहन जैसे विषयों को जोड़कर बहुआयामी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। स्कूल स्तर पर विशेष जागरूकता सत्र, रैली, शपथ ग्रहण और सामुदायिक बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया गया। बाल संरक्षण तंत्र को सुदृढ़ करने पर चर्चा सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई राजेंद्र कुमार पुरोहित ने विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बाल संरक्षण तंत्र को और प्रभावी बनाने के सुझाव दिए। बैठक में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रतन बाफना, सदस्य शशिकला मरडिया व प्रताप सिंह, एएसपी जसाराम, पुलिस विभाग से मोहन सिंह राव, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवर लाल पुरोहित व विजय कुमार व्यास, अधीक्षक राजकीय संप्रेक्षण एवं किशोर गृह भंवर सिंह, श्रम कल्याण अधिकारी हंसदीप, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग किशनाराम लाल, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग अंकिता राजपुरोहित, जिला परिवहन अधिकारी अक्षमिता राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *