श्रीगंगानगर में प्राचीन शिवालय मंदिर के पास एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते धूं-धूं कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के वक्त स्कूटी पर दो युवक सवार थे। आग लगते ही दोनों ने स्कूटी छोड़कर जान बचाने के लिए भागना शुरू कर दिया। मंदिर वाली गली में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी ने मिलकर फायर ब्रिगेड को बुलाया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में बैटरी से जुड़ी खराबी की आशंका जताई जा रही है। जिले में पिछले 3 माह से चार-पांच स्कूटी जलने के मामले सामने आए हैं।


