भीलवाड़ा शहर के बापूनगर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोर करीब 50 लाख रुपए के गहने और नकदी ले उड़े। वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक का परिवार चार दिन से दिल्ली गया हुआ था। चोरी का खुलासा मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बेटी के जन्म पर परिवार गया था दिल्ली घटना प्रताप नगर थाना क्षेत्र के बापूनगर स्थित नहर के पास की है। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया- मकान मालिक नवरतन सोनी दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। हाल ही में उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। इसी सिलसिले में उनके पिता गोपाल सोनी और परिवार के अन्य सदस्य चार दिन पहले दिल्ली गए हुए थे। घर सूना देखकर सोमवार देर रात चोरों ने मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा। रोशनदान से घुसे, अलमारियां-तिजोरी तोड़ी चोरों ने रोशनदान का सरिया मोड़कर गेस्ट रूम सहित अन्य कमरों में घुसा। इसके बाद अलमारियों और तिजोरी के ताले तोड़कर घर में रखे कीमती सामान को खंगाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 30 तोला सोना, एक किलो से अधिक चांदी के गहने व सिक्के, चांदी के बर्तन और करीब 3 लाख रुपए नकद चोरी हुए हैं। नकदी में 40 हजार रुपए की नई नोटों की गड्डियां भी शामिल थीं। मंगलवार देर रात परिवार भीलवाड़ा पहुंचा और नुकसान का आकलन किया। मोबाइल पर दिखे संदिग्ध, पड़ोसियों ने बाहर से लगाया कुंदा गोपाल सोनी के मोबाइल में घर के सीसीटीवी कैमरों का एप इंस्टॉल है। सोमवार रात जब उन्होंने कैमरे चेक किए तो घर के अंदर संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। चोरों के अंदर होने की आशंका पर पड़ोसियों ने बाहर से कुंदा लगाकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो चुके थे। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में सोमवार रात 2:24 बजे बाइक सवार तीन युवक घर की ओर जाते नजर आए। तीनों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। करीब 5:39 बजे एक युवक पीठ पर बैग और हाथ में थैला लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया। आशंका है कि चोर घर में रखे बच्चों के स्कूल बैग में गहने और नकदी भरकर ले गए। मकान मालिक ने सभी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। FSL टीम ने जुटाए सबूत, तलाश जारी सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस के एएसआई विजयसिंह यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इलाके में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।


