कपूरथला पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पास मिला युवक का शव:परिजनों ने कराया था अस्पताल में भर्ती, इलाज के दौरान हुआ लापता

कपूरथला में सुभानपुर रोड स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पास एक युवक का शव मिला है। राहगीरों की सूचना पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना सिटी के जांच अधिकारी एएसआई गुरशरण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसकी जेब से सिविल अस्पताल कपूरथला की एक पर्ची मिली। इससे युवक की पहचान 32 वर्षीय राज कुमार पुत्र गुरनाम चंद निवासी कपूरथला के रूप में हुई। शव को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में कराया गया था भर्ती पुलिस ने सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर से पूछताछ की। डॉक्टर ने बताया कि राज कुमार किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था और उसके परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, इलाज के दौरान वह अस्पताल के बेड से लापता हो गया था। पुलिस ने मृतक की पहचान की पुष्टि के बाद आसपास के मोहल्लों में परिजनों की तलाश में सूचना भिजवाई है, लेकिन अभी तक कोई सामने नहीं आया। फिलहाल, शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *