निजी बस ऑपरेटर्स की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी है। सरकार और ऑपरेटर्स के बीच वार्ता बेनतीजा रहने से प्रदेशभर में करीब 35 हजार स्लीपर, स्टेट कैरिज और लोक परिवहन बसें बंद हैं। हड़ताल से सबसे ज्यादा परेशानी खाटूश्याम जाने वाले यात्रियों के साथ होली पर घर जाने वाले पैसेंजर्स को हो रही है। वहीं, प्राइवेट बस ऑपरेटर्स का दावा है कि मंगलवार को एडवांस टिकट के लिए करीब 20 करोड़ रुपए रिफंड किए। इधर परिवहन विभाग का दावा है कि लोक परिवहन बस वाले ऑपरेटर्स हड़ताल में शामिल नहीं हैं। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने उन बसों के ड्राइवर्स, सवारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस कमिश्नर व अन्य अधिकारियों को लेटर लिखा है। कमिश्नर से भी नहीं बनी सहमति राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया- लगातार दूसरे दिन वार्ता के लिए बुलाया गया, लेकिन आरसी सस्पेंड की गई बसों के डेटा मैच नहीं होने का हवाला देकर मांगें मानने से इनकार कर दिया है। परिवहन कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा ने बुधवार को फिर से बातचीत के लिए बुलाया है।


