कोटा के वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) ने एमएससी और बीएड पाठ्यक्रमों के जनवरी 2026 सत्र में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 27 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 18 फरवरी निर्धारित की गई थी, लेकिन वंचित अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए इसे आगे बढ़ाया गया। झालावाड़ पीजी कॉलेज भी इस विश्वविद्यालय का एक अध्ययन केंद्र है, जहां अधिकांश परीक्षाएं आयोजित होती हैं।
विश्वविद्यालय की निदेशक विज्ञान व तकनीकी विद्यापीठ प्रो. अनुराधा दुबे ने बताया कि एम.एससी. बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संबंधित विषय में बीएससी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
झालावाड़ जिले के पात्र अभ्यर्थी वीएमओयू की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 500 रुपए आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म भर सकते हैं। संयोजक प्राणी शास्त्र डॉ. संदीप हुड्डा ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले ऑनलाइन उपलब्ध दिशा-निर्देश और पात्रता शर्तें ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएससी परिणाम का इंतजार कर रहे या वर्तमान में बीएससी में अध्ययनरत अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे। प्रवेश मेरिट, अभ्यर्थी द्वारा चुने गए अध्ययन केंद्रों के विकल्प, राजस्थान सरकार के आरक्षण नियमों और उपलब्ध सीटों के आधार पर होगा। एम.एससी. पाठ्यक्रमों में विभिन्न अध्ययन केंद्रों पर बॉटनी में 325, जूलॉजी में 325, फिजिक्स में 300 और केमिस्ट्री में 500 सीटें उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को अपनी रुचि के विषय में उपलब्ध सभी केंद्रों के विकल्प अपनी वरीयता के अनुसार भरने होंगे। एक अभ्यर्थी एमएससी के केवल एक विषय के लिए ही आवेदन कर सकता है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, झालरापाटन के उप प्रधानाचार्य ने पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि से पहले आवेदन करने की सलाह दी है ताकि बाद में किसी समस्या से बचा जा सके। दूरस्थ बी.एड. पाठ्यक्रम में आवेदन का भी अंतिम अवसर
शिक्षा विद्यापीठ की निदेशक प्रो: कीर्ति सिंह ने बताया कि बीएड पाठ्यक्रम की 500 सीटों पर भी प्रवेश में आवेदन की भी अंतिम तिथि 27 फरवरी ही है। इसमें सेवारत प्राइमरी शिक्षक जिन्होंने नियमित रूप से डीएलएड कोर्स किया है, तथा स्नातक योग्यता रखते है, वे आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश का आधार स्नातक परीक्षा में प्राप्त अंक तथा लागू आरक्षण नियम होंगे।


