सवाई माधोपुर के पुराने शहर में एक बार फिर लेपर्ड की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। बीते कुछ दिनों से लेपर्ड रामलीला मैदान, डूंगरपाड़ा, 72 सीढ़ी स्कूल और राजबाग क्षेत्र में रात के समय घूमता करता नजर आ रहा है। लगातार मूवमेंट से स्थानीय लोग भयभीत हैं और वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। बछड़े पर हमला, रात में सुनाई दी दहाड़ स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में लेपर्ड बेहतर सिटी स्कूल के पास दिखाई दिया था। इसके बाद रामलीला मैदान क्षेत्र में उसकी गतिविधियां बढ़ गईं। यहां एक गाय के बछड़े पर हमले की घटना भी सामने आई, जिसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई थी। सोमवार रात फिर से रामलीला मैदान इलाके में लेपर्ड देखा गया। वहीं मंगलवार रात पंसेरी बालाजी मंदिर के पीछे से तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पहले भी हो चुकी है घटना उल्लेखनीय है कि पुराने शहर के नीम चौक क्षेत्र में कुछ समय पहले लेपर्ड ने 7 वर्षीय बालक विक्रम बंजारा पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से शहरवासियों में लेपर्ड को लेकर भय बना हुआ है। अब दोबारा मूवमेंट सामने आने से लोगों को फिर किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। वन विभाग से कार्रवाई की मांग क्षेत्रवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में लेपर्ड की लगातार मौजूदगी गंभीर खतरा है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और लेपर्ड को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाए, ताकि आमजन को भय और खतरे से राहत मिल सके।


