हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में किसान के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चक 7 एमजेडडब्ल्यू निवासी 42 वर्षीय लालचंद उर्फ लाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे वह अपनी जमीन चक 7-8 एमजेडडब्ल्यू में पड़ोसी सतनाम गोदारा और भीमसेन के साथ खेतों की रखवाली कर रहे थे। तीनों खाला की पुलिया के पास बैठकर निगरानी कर रहे थे। बाइक पर आए थे 2 बदमाश
बुधवार अलसुबह करीब 4:15 बजे आम मिर्जावाली से रणजीतपुरा जाने वाली सड़क की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आए। आरोप है कि उन्हें सड़क पर खड़ा देखकर बाइक सवारों ने बाइक तेज करते हुए उनकी ओर फायर कर दिया। गोली सड़क पर लगी, जिससे चिंगारियां उठीं और एक छर्रा लालचंद के दाहिने पैर के घुटने के पास जा लगा। इससे उन्हें चोट आई और खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रणजीतपुरा की ओर फरार हो गए। आरोपियों की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद सतनाम और कृष्ण ने घायल लालचंद को टाउन स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने लालचंद की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एएसआई किशोर सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


