जयपुर में एक ओर आईपीएल के 4 संभावित मैचों के लिए सवाई मानसिंह स्टेडियम पर करोड़ों रुपए खर्च करने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) के मैचों के लिए विद्याधरनगर स्टेडियम में 2-3 करोड़ रुपए की फ्लडलाइट्स अब तक नहीं लग पाईं। समय पर व्यवस्था नहीं हुई तो फुटबॉल के घरेलू मैच जयपुर से बाहर जा सकते हैं। आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी के लिए सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम में व्यापक तैयारियां प्रस्तावित हैं। जानकारी के अनुसार, फ्लडलाइट्स को बदलकर मॉडर्न एलईडी लगाने पर ही 9-10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अन्य व्यवस्थाओं को मिलाकर 20 करोड़ राशि आईपीएल से पहले खर्च की तैयारी है। हालांकि जयपुर को इस सीजन में केवल चार मैच मिलने की संभावना है। इसके बावजूद स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए सरकार तत्पर है। सवाल: प्राथमिकता किसे?
IPL को रोकने के लिए करोड़ों खर्च, तो फुटबॉल के लिए अपेक्षाकृत कम राशि में आवश्यक आधारभूत सुविधा क्यों नहीं? दूसरी ओर, विद्याधरनगर स्टेडियम में इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) के मैच प्रस्तावित हैं। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने राजस्थान यूनाइटेड फुटबॉल क्लब (आरयूएफसी) के चेयरमैन को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि यदि स्टेडियम में फ्लडलाइट्स नहीं लगाई गईं तो जयपुर में मैच आयोजित नहीं हो सकेंगे। “इंडियन फुटबॉल लीग के मैचों का लाइव प्रसारण होना है। ब्रॉडकास्टर इन्हें फ्लडलाइट्स में लाइव करेगा। यदि फ्लडलाइट्स नहीं लगीं तो जयपुर को मैचों की मेजबानी नहीं मिलेगी।” -केके टाक, चेयरमैन, राजस्थान यूनाइटेड फुटबॉल “इंडियन फुटबॉल लीग के लिए विद्याधर नगर स्टेडियम में फ्लडलाइट्स लगाने का प्रस्ताव एफडी को भेज रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही अप्रूवल मिल जाएगी।”
-नीरज के. पवन, अध्यक्ष, राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल


