जालंधर के बल अस्पताल के बाहर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना कालियां कॉलोनी में हुई, जहां सोढल रोड, शिव नगर निवासी सौरव सिंह के पेट में गोली लगी। उन्हें गंभीर हालत में जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना एक की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन आरोपी अभी फरार हैं। घायल सौरव के छोटे भाई बोवी ने बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल का काम करते हैं और उनका दफ्तर बल अस्पताल के पास है। बीती रात वे अपने एक परिचित का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपने एक साथी से अस्पताल के पास पेट्रोल पंप से पानी लाने को कहा। वहां पहले से मौजूद कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथी पर हमला कर दिया। बोवी का दोस्त अपनी जान बचाने के लिए भागकर उनके पास आया। जब बोवी ने उन युवकों को समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने बोवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट की सूचना वहां मौजूद साथियों ने फोन पर घर में मौजूद उनके बड़े भाई सौरव सिंह को दी। सौरव सिंह मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, तभी हमलावरों ने देसी कट्टे से गोली चला दी, जो सौरव के पेट में लगी। गोली चलाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बोवी अपने घायल भाई को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए और संबंधित थाने की पुलिस को सूचना दी। थाना एक के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घायल युवक अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन पुलिस टीम अपने स्तर पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


