इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार रात मुंबई की एक महिला को पकड़ा है। उसने हैंड बैग में 34.6 ग्राम एमडी ड्रग्स छिपा रखी थी। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 लाख 40 हजार रुपए है। महिला मूल रूप से मुंबई की रहने वाली है। ज्यादा पैसा कमाने के लिए वह ड्रग्स बेचती थी। टीम उससे और भी जानकारी निकाल रही है। क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उनकी गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। जानकारी मिलने पर टीम अलग-अलग इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इस दौरान सांवरिया ग्रीन्स मैरिज गार्डन के सामने रीजनल पार्क के पास एक महिला नजर आई। क्राइम ब्रांच की टीम को देखकर महिला हड़बड़ा गई। उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं तो टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका और पूछताछ की, तो वह कुछ का कुछ बताने लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम फातिमा मंसूरी निवासी मुंबई महाराष्ट्र बताया। महिला आरक्षक ने जब उसकी तलाशी ली तो महिला के हैंड बैग से 34.6 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 लाख 40 हजार रुपए है। इसके चलते महिला पर कार्रवाई की गई। घर-घर जाकर खाना बनाती है महिला शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि ज्यादा पैसा कमाने की मंशा से महिला सस्ते में ड्रग्स खरीदकर नशे के आदी लोगों को ज्यादा दामों पर इंदौर में बेच रही थी। महिला मुंबई से इंदौर कब और कैसे आई। यहां किन-किन लोगों को सप्लाई करती थी उसकी जानकारी निकाली जा रही है। महिला घर-घर जाकर खाना बनाने का काम करती है और 12वीं क्लास तक पढ़ी हुई है।


