कोटपूतली में सरसों की कटाई में जुटे किसान:आसमान में छाए बादल, बारिश की आशंका से फसल खराब होने का सता रहा डर

कोटपूतली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में फरवरी महिने में सरसों की कटाई का काम चल रहा है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण किसानों को फसल को लेकर चिंता सता रही है। बारिश होने पर खेतों में कटी हुई सरसों भीग सकती है, जिससे किसानों को नुकसान होगा। वहीं बादलों के कारण दिनभर धूप-छाव होती रही और हल्की ठंडक भी महसूस की गई। क्षेत्र के किसान अपनी कटी हुई सरसों की थ्रेशिंग करवाने में लगे हुए हैं। कुछ किसान अभी भी फसल काट रहे हैं, जबकि अन्य कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि यदि मौसम साफ रहता है, तो अगले दो सप्ताह में सरसों की पूरी फसल निकलवाकर सुरक्षित कर ली जाएगी। कई किसान रात में भी सरसों की थ्रेशिंग का काम करवा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द फसल को सुरक्षित किया जा सके। हालांकि, कुछ फसलों को अभी पकने में समय लगेगा। कोटपूतली बहरोड कृषि उप निदेशक डॉक्टर रामजी लाल यादव ने बताया कि क्षेत्र में अगेती सरसों की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार है। ऐसे में यदि बारिश होती है, तो सरसों की फसल को भारी नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फरवरी का महीना गेहूं की फसल के लिए भी संवेदनशील होता है, क्योंकि इस समय दानों में भरने की प्रक्रिया शुरू होती है। अगेती गेहूं की फसल लगभग तैयार हो चुकी है और उसमें बालियां निकलने लगी हैं। यदि बारिश हुई तो गेहूं और सरसों दोनों फसलें खेतों में ही बिछ सकती हैं, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *