डीडवाना-कुचामन में पुलिस ने करोड़ों रुपए की साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह के 3 मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 मोबाइल और 1 लैपटॉप जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी परबतसर सुमन बुन्देला के नेतृत्व में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मामले की जांच करते हुए पुलिस टीम ने गिरोह के मुख्य सरगना अमित कुमार खिचड़ (27) निवासी छोटी खाटू, संदीप उर्फ चिंकू (25) निवासी छोटी खाटू और सौरभ सतलानी (27) निवासी भोपाल, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। लोगों को लालच देकर बनाते थे शिकार
गिरोह के सदस्य लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त राशि जमा की जाती थी, जिसे बाद में विभिन्न माध्यमों से निकाल लिया जाता था। धन के लेनदेन को छिपाने के लिए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाता था। 9 फरवरी को भी 3 बदमाश पकड़े थे
इससे पहले 9 फरवरी को गच्छीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम झलाममिलया में ऑनलाइन गेमिंग और अन्य माध्यमों से साइबर धोखाधड़ी के मामले में सुनील डसानियां, महेंद्र सारेड़िया और रघुवीर नामक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया था।
उस समय आरोपियों के कब्जे से 44 मोबाइल, 1 टैबलेट, 9 लैपटॉप, 82 एटीएम कार्ड, 2 बायोमेट्रिक मशीन, 5 सिम कार्ड, 22 बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद की गई थीं। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच सुमन बुन्देला को सौंपी गई थी।


