कपूरथला की मॉडर्न जेल में चलाए गए एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान एक हवालाती से 6.78 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। जेल प्रबंधन ने तुरंत नशीले पदार्थ को जब्त कर उच्चाधिकारियों और थाना कोतवाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मॉडर्न जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट धीरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सीआरपीएफ और जेल गार्ड की टीम के साथ बैरकों की नियमित तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान वार्ड नंबर 4 के कमरा नंबर 2 की जांच के दौरान हवालाती साहिल गुप्ता उर्फ वासू, निवासी उपकार नगर लंबा पिंड जालंधर पर संदेह हुआ। कैदी से नशे की पदार्थ बरामद, केस दर्ज संदेह के आधार पर साहिल गुप्ता की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पहनी हुई लोअर की जेब से एक मोमी लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफा खोलकर जांच करने पर उसमें से 6.78 ग्राम नशीला पदार्थ पाया गया। नशीला पदार्थ मिलने के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे कब्जे में ले लिया और उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया, जिसने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


