लूणकरणसर तहसील के दुलमेरा गांव में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक खेत में बने मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना चक 4 डीएलएम में श्योपाल सिंह के खेत की है, जहां खेत पर काम करने वाले काश्तकार राधेश्याम पंडित (निवासी हंसेरा गांव) परिवार सहित रहते थे। आग की लपटें उठती देख आसपास के खेतों में मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चालू कर पाइपों के जरिए पानी डालना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नकद 1.90 लाख समेत जरूरी सामान जलकर राख हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग ने घर का अधिकांश सामान जलाकर राख कर दिया। जानकारी के अनुसार करीब 1 लाख 90 हजार रुपये नकद, राशन, जेवर, कपड़े, कृषि संबंधी मशीन, टीवी, फ्रिज, सोना-चांदी और जरूरी कागजात पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पटवारी ने लिया जायजा घटना की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मंजू मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। विनोद कुमार पुनिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पटवारी को भेज दिया गया है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन आगजनी की इस घटना ने पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।


