पंजाब के लुधियाना में कस्बा मुल्लांपुर दाखा के जंज घर रोड पर दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी सहम है। लोगों के मुताबिक पहले भी कई बार इलाके में चोरी की घटनाएं हो चुकी है। चोरी की वारदातें ना रुकने के कारण लोग पुलिस से निराश है। सीसीटीवी में दिखा चोर पीड़ित त्रिलोचन सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल जंज घर रोड पर खड़ी की थी और किसी काम से गए थे। जब वे कुछ देर बाद लौटे, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शक होने पर त्रिलोचन सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अज्ञात युवक पहले मोटरसाइकिल के आसपास चक्कर काटता दिखाई दिया। इसके बाद उसने चाबी लगाकर मोटरसाइकिल स्टार्ट करने की कोशिश की। जब मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं हुई, तो आरोपी उसे पैदल ही धक्का लगाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने इस संबंध में थाना दाखा में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और इन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


