हनुमानगढ़ के गोलूवाला में नायब तहसीलदार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां नहीं मिलने के विरोध में वकीलों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बार संघ के आह्वान पर बुधवार को भी अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड रखा, जिससे उपतहसील स्तर पर न्यायिक और राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ। वकीलों का कहना है कि कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियों को लेकर हर वर्ष समस्या खड़ी हो जाती है, जबकि इसका स्थाई समाधान होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नायब तहसीलदार को नियमित रूप से ये शक्तियां प्रदान की जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस धरने के समर्थन में आसपास की ग्राम पंचायतों के प्रशासक भी पहुंचे और वकीलों के साथ एकजुटता दिखाई। वसीकानवीस संघ ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। उधर, पीलीबंगा बार संघ ने भी समर्थन देते हुए वहां वर्क सस्पेंड रखने की जानकारी दी है। धरनास्थल पर बुधवार को भी कोई वरिष्ठ अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। वकीलों ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। संभावना है कि वकीलों का एक शिष्टमंडल जल्द ही जिला कलेक्टर से मुलाकात कर समाधान की मांग रखेगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि पूर्व में भी अस्थायी रूप से छह-छह माह के लिए शक्तियां दी गईं, लेकिन समय पर नवीनीकरण नहीं होने से बार-बार काम ठप हो जाता है। इससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। वकीलों ने स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।


