कपूरथला जिले के फगवाड़ा के दरवेश गांव निवासी आम आदमी पार्टी (आप) के बीसी विंग के दोआबा इंचार्ज दलजीत राजू को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें यूके कोड वाले नंबर से लगातार धमकी भरे कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आ रहे हैं। इस मामले की जानकारी मिलने पर एसपी सहित कई अधिकारी दलजीत राजू के घर पहुंचे और घटना के संबंध में पूछताछ की। इससे पहले भी दलजीत राजू के घर पर फिरौती की मांग को लेकर फायरिंग हो चुकी है। मैसेज में लिखा- कफन तैयार है धमकी भरे संदेशों में कहा गया है, “कफन तैयार है, अब तेरे घर में से किसी का भी… अब तू फोन ही इग्नोर कर, जल्दी गिफ्ट कार्ड भेजूंगा।” एक अन्य मैसेज में लिखा था, “अब सब काम छोड़कर तेरे पीछे हूं। तेरे घर में किसी का भी नुकसान हो सकता है, अब तू तैयार हो जा, जल्दी ही नुकसान करूंगा, तेरे परिवार के सभी सदस्यों का पता है।” धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि वह अब इंतजार नहीं करेगा, बल्कि सीधे नुकसान करेगा। 3 महीने पहले भी मिली थी धमकी गौरतलब है कि तीन महीने पहले भी दलजीत राजू को जान से मारने की धमकी मिली थी। उस दौरान 27 नवंबर 2025 को रात में दो बदमाशों ने उनके घर के बाहर 23 राउंड गोलियां चलाई थीं। हमलावरों ने घर के बाहर एक पत्र भी फेंका था, जिसमें काला राणा गैंग का नाम लिखा था और 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। दलजीत राजू ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन वह वारदात अभी तक हल नहीं हुई है। पुरानी घटना का खुलासा होने से पहले ही उन्हें फिर से धमकी भरे संदेश मिलने शुरू हो गए हैं।


