पूगल में चार हजार मेगावाट का सोलर पार्क बनेगा। यह विश्व का सबसे बड़ा सोलर पार्क होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जयपुर में इसका ऑनलाइन शिलान्यास किया है। अभी सबसे बड़ा सोलर पार्क भड़ला में 2245 मेगावाट का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को ऊर्जा, सड़क, रेलवे एवं जल से जुड़े 1 लाख करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इस दौरान उन्होंने पूगल में 2378 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 4 हजार मेगावाट क्षमता के तीन सौर पार्कों का शिलान्यास किया। इनमें 12 सौ करोड़ रुपए की लागत से 2 हजार मेगावाट का एक, 590 करोड़ एवं 588 करोड़ रुपए की लागत से एक-एक हजार मेगावाट क्षमता के दो सौर पार्क चरणबद्ध तरीके से विकसित किये जाएंगे। यह पार्क 8 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होंगे। यहां पर हर साल 712 करोड़ यूनिट बिजली बनेगी। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के परियोजना निदेशक मान सिंह ने बताया कि दो हजार मेगावाट में से 850 मेगावाट का प्लांट लगाने का काम नेयवली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन ने शुरू कर दिया है। शेष 1150 मेगावाट के लिए जल्दी ही बिडिंग होगी। इसमें एनटीपीसी जैसी बड़ी सरकारी कंपनियों के आने की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा एक-एक हजार के दो पार्क ऊर्जा विभाग के हैं। राजस्थान सोलर पार्क डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड को इसे विकसित करने का काम सौंपा गया है। मान सिंह का कहना है कि एक ही जगह पर चार हजार मेगावाट का सोलर पार्क विश्व का सबसे बड़ा होगा। इसमें बड़ी कंपनियां निवेश के लिए आएंगी। सोलर पार्क के लिए जमीन आवंटन का काम हो चुका है। जल्दी ही वहां सड़क, पानी और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का काम शुरू किया जाएगा। 400 केवी का जीएसएस बनेगा सौर ऊर्जा के ट्रांसमिशन के लिए भानावत वाला गांव में 400 केवी का जीएसएस स्थापित किया जाएगा। ऊर्जा विभाग बिजली की लाइनें बिछाकर देगा। अक्षय ऊर्जा के पीडी ने बताया कि इस जीएसएस को भड़ला से जोड़ा जाएगा। सोलर पार्क में बनने वाली बिजली को जीएसएस के जरिए आगे भेजा जा सकेगा। 20 हजार करोड़ से भी अधिक के सोलर प्लांट लगेंगे राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में जिला स्तर पर 91 एमओयू सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हुए हैं। इसमें एक ही कंपनी ने 20 हजार करोड़ तक का सोलर प्लांट लगाने के लिए एमओयू किया है। एक अन्य कंपनी ने आठ हजार करोड़ के लिए एमओयू किया है। इसके अलावा बाकी कंपनियां 100 करोड़ से नीचे की हैं। जिला उद्योग केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार सोलर क्षेत्र में बड़े निवेश जयपुर में भी हुए हैं। कंपनियों ने सीधे सरकार से एमओयू किए हैं, जिनमें एक गीगावाट तक के प्लांट लगाने का एमओयू शामिल है। सोलर पार्क विकसित होने से इन कंपनियों को प्लांट लगाने में सुविधा होगी। हालांकि कंपनियां प्राइवेट जमीनें भी तलाश रही हैं। मोदी के कार्यक्रम का रंगमंच पर हुआ सीधा प्रसारण राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मंगलवार को जयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित हुआ। इसका सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, यूआईटी सचिव अपर्णा गुप्ता, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, जिला परिषद के सीईओ सोहनलाल, एडीएम प्रशासन डॉ. दुलीचंद मीना, एडीएम सिटी रमेश देव समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।


