ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर,दो आरक्षकों की मौत:बलौदाबाजार के उडेला-पौसरी मार्ग पर हुआ हादसा, एक ही बाइक से डयूटी जा रहे थे

बलौदाबाजार में बुधवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो पुलिस आरक्षकों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों आरक्षकों में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों आरक्षक ड्यूटी पर एक ही मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। यह मामला थाना हथबंद क्षेत्र के उडेला–पौसरी मार्ग की है। मृतकों की पहचान आरक्षक धर्मेंद्र यादव (क्रमांक 377) और आरक्षक प्रशांतधर दीवान (क्रमांक 809) के रूप में हुई है। धर्मेंद्र यादव वर्तमान में साइबर सेल में पदस्थ थे और ग्राम परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा के निवासी थे। प्रशांतधर दीवान थाना हथबंद में पदस्थ थे और नवागढ़, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा के रहने वाले थे। एक ही बाइक से जा रहे थे दोनों आरक्षक जानकारी के अनुसार, दोनों आरक्षक ड्यूटी के सिलसिले में एक ही मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह डैमेज हो गई और दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांतधर दीवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। हालांकि, उन्हें एंबुलेंस से रायपुर ले जाते समय धरसींवा के पास उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से पुलिस विभाग ने अपने दो जवानों को खो दिया। ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। दोनों आरक्षकों के असामयिक निधन से उनके परिवारों पर गहरा दुख छा गया है। पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *