कोटा जिले की रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम कोटा के 6 वार्ड आते हैं! इन्हीं 6 वार्डो में से वार्ड संख्या 31 में स्थित प्राचीन रंगबाड़ी बालाजी मंदिर के पास रंगबाड़ी तालाब है। इसके जीर्णोद्धार कराए जाने के लिए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा रामगंज मंडी के क्षेत्रीय विधायक मदन दिलावर ने गत दिनों कोटा विकास प्राधिकरण कोटा के सचिव को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए थे। जिस पर नगरीय विकास विभाग राजस्थान सरकार ने 6.50 करोड रुपए रंगबाड़ी तालाब के जीणोद्धार के लिए स्वीकृत किए हैं। 6.50 करोड़ की राशि से तालाब का जीर्णोद्धार व सौंदर्यकरण किया जाएगा। मंत्री मदन दिलावर ने केडीए सचिव को पत्र लिखकर इस रंगबाड़ी तालाब का नाम श्री बागेश्वर बालाजी, रंगबाड़ी तालाब, कोटा रखने का आग्रह किया है। इसी प्रकार रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 7 मे दौलतगंज तालाब के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण का कार्य किए जाने के लिए मंत्री दिलावर ने तत्कालीन यूआईटी अध्यक्ष एवं सचिव तथा वर्तमान कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव को प्रस्ताव तैयार करने और राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए थे। मंत्री के निर्देश पर नगरीय विकास विभाग राजस्थान सरकार द्वारा दौलतगंज तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 1.50 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की है। मंत्री मदन दिलावर ने दौलतगंज तालाब का नाम पार्वती तालाब करने के लिए केडीए सचिव को पत्र लिखा है। मंत्री का कहना है कि जन भावनाओं के अनुरूप पार्वती तालाब नामकरण किए जाने से स्थानीय निवासियों में अच्छा संदेश जाएगा।


