पशुओं से भरी एक पिकअप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार:पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सरमथुरा पुलिस ने की कार्रवाई

सरमथुरा पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पशुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी जब्त की है। पुलिस ने दो पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गश्त के दौरान हाईवे पर खाटूश्याम कॉलेज मोड़ के पास की गई। पिकअप में 5 भैंसों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। थानाधिकारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सहायक उप निरीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने वाहन को रोका और जांच की। इस दौरान पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रथम दृष्टया पशु क्रूरता अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धौलपुर निवासी सकील पुत्र इस्लाम और मुरैना निवासी कलुआ खान पुत्र सकील खान के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाईवे पर पशु तस्करी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर पुलिस द्वारा सघन निगरानी और चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशु तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी या अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *