5वीं रैंक वाले को 110 KM दूर दी पोस्टिंग:1199वीं और 1339वीं रैंक वाले को घर के पास, जिला परिषद अफसरों की मनमर्जी आई सामने

पंचायत राज विभाग के जरिए मई 2025 में हुई जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (JTA) भर्ती परीक्षा के चयनित अभ्यर्थियों को पोस्टिंग देने में जिला परिषद के अधिकारियों ने मनमर्जी की है। जिस अभ्यर्थी की पूरे अलवर जिले में 5वीं रैंक है और राजस्थान में 110वीं रैंक है। उसे घर से 110 किलोमीटर दूर कोटकासिम पंचायत समिति में नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। जबकि जिस अभ्यर्थी की 1199वीं और 1339वीं रैंक है उनको घर से थोड़ी दूर लगा दिया। यह जानने के बाद अलवर में 5वीं रेंक लाने वाला अभ्यर्थी अचंभित है। कठूमर के जोधपुरा गांव निवासी अभ्यर्थी खेमराज ने बताया कि JTA भर्ती परीक्षा मई 2025 में हुई। सितंबर 2025 में रिजल्ट आया था। अक्टूबर में डॉक्यूमेंट्स जांच किए गए। 7 जनवरी को जिला आवंटन किया। उसके बाद 27 जनवरी को जिला परिषद अलवर बुलाया गया। उसके बाद अभ्यर्थियों से उनकी च्वाइस ली गई। अब उनको नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। चहेतों को घर के पास दे रहे पोस्टिंग अभ्यर्थी खेमराज यादव ने बताया कि वह कठूमर का रहने वाला है और उसकी पूरे प्रदेश में 110वीं रैंक है। पूरे संभाग में 9वीं और अलवर में 5वीं रैंक है। उसने लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़, राजगढ़, मालाखेड़ा व रैणी में नियुक्ति के लिए अपनी च्वाइस दी थी। इनमें से किसी भी जगह नहीं लगाकर उसे जानबूझकर घर से 110 किलोमीटर दूर कोटकासिम पंचायत समिति में लगाया है। जो न्यायसंगत नहीं है। यह जानकर उसे अफसोस हुआ कि 1199वीं व 1339वीं रैंक वाले कठूमर के अभ्यर्थियों को आसपास की नजदीकी पंचायत समितियों में नियुक्ति देने के आदेश जारी कर दिए। अभ्यर्थी दिनेश कुमार सैनी की 1199वीं रैंक है। जिसे लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में लगाया है। जो कि मूल रूप से राजगढ़ का निवासी है। मतलब उसे उसी की विधानसभा क्षेत्र में लगा दिया। दूसरा अभ्यर्थी आशुतोष अवस्थी की 1348वीं रैंक है। जो कठूमर निवासी है। इसे लक्ष्मणगढ़ में लगाया है। इस तरह लक्ष्मणगढ़ में 4 अभ्यर्थी लगा दिए। जिनकी रैंक उससे कम है। अभ्यर्थी महेंद्र कुमार बैरवा की 1911 रैंक है। जो कठूमर निवासी है। जिसे लक्ष्मणगढ़ लगाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *