राजस्थान हाईकोर्ट को आज फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल जयपुर कोर्ट, जजेज/स्टॉफ के नाम है। धमकी में लिखा है- ‘हाईकोर्ट को 11 बजे तक खाली कर दो। दोपहर 1:30 बजे हाईकोर्ट परिसर में 18 बम धमाके होंगे।’ हाईकोर्ट प्रशासन की सूचना पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कावयड की टीमें मौके पर पहुंची। कोर्ट रूम्स, जजेज चैम्बर सहित पूरे हाईकोर्ट परिसर की तलाशी ली गई। हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इस महीने 5वीं बार मिली धमकी हाईकोर्ट जयपुर पीठ को पिछले साल 31 अक्टूबर से लेकर अब तक 11 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। हर बार यह धमकी फर्जी निकलती हैं। इससे हर बार सुनवाई कुछ घंटे के लिए प्रभावित रहती हैं। इस महीने की बात करें तो हाईकोर्ट को 5वीं बार बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं। इस महीने पहली बार 6 फरवरी को हाईकोर्ट प्रशासन के पास धमकी भरा मेल आया था। उसके बाद 17,19 और 20 फरवरी को हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। आज धमकी से सुनवाई नहीं हुई प्रभावित हाईकोर्ट प्रशासन को आज धमकी भरा मेल सुबह जल्दी मिल गया था। जिसके बाद कोर्ट शुरू होने के निश्चित समय से पहले ही पूरे परिसर की तलाशी पूरी कर ली गई थी। इससे आज किसी भी तरह से सुनवाई प्रभावित नहीं हुई। हाईकोर्ट में सभी कोर्ट्स अपने तय समय सुबह 10:30 बजे ही शुरू हो गई।


